बोधघाट क्षेत्र स्थित नगर सैनिक प्रशिक्षण केंद्र में संचालित महिला नगर सैनिकों के बुनियादी प्रशिक्षण सत्र का दीक्षांत परेड समारोह रविवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यालय रायपुर से पधारे उप महानिरीक्षक एस. के. ठाकुर ने दीक्षांत परेड की सलामी ली।
सलामी के पश्चात ठाकुर ने परेड का निरीक्षण किया और महिला नगर सैनिकों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, दक्षता तथा समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से न केवल महिला नगर सैनिकों का आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि वे समाज की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी संतोष मार्बल ने बताया कि 15 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ हुआ यह प्रशिक्षण सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसमें महिला नगर सैनिकों को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, प्राथमिक चिकित्सा, कानून-व्यवस्था और नागरिक सहयोग जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला नगर सैनिकों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और नगर सैनिकों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नगर सेनानी संतोष मार्बल ने बताया कि परेड पासिंग आउट कार्यवाही में 10 महिला नगर सैनिक टुकड़ियों ने भाग लिया। प्रारंभ में सभी टुकड़ियों ने लाइन फॉर्मेशन में धीरे चाल से मंच के दाहिने दिशा में सलामी देते हुए मार्च किया। इसके बाद तेज चाल में पुनः फॉर्मेशन बनाकर मंच के सामने से गुजरीं।
दो प्लाटूनों द्वारा पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) का शानदार प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात समीक्षा क्रम और निशान पार्टी की कार्यवाही संपन्न हुई। परेड के दौरान सभी प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण के बाद प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला नगर सैनिकों को उप महानिरीक्षक के करकमलों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। अंत में परेड कमांडर द्वारा अनुमति प्राप्त कर निष्क्रमण की कार्यवाही की गई, जिसमें सभी प्लाटूनों ने मंच के दोनों ओर से अनुशासित ढंग से मार्च करते हुए समारोह का समापन किया।
अनुशासन और समर्पण का प्रदर्शन, महिला नगर सैनिकों की पासिंग आउट परेड संपन्न

