Posted in

  
नियानार–बिरिंगपाल संग्रहण केंद्रों में ढाई लाख क्विंटल धान का बड़ा घोटाला, सरकार पर बरसे दीपक बैज

जगदलपुर।छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नियानार और बिरिंगपाल धान संग्रहण केंद्रों में करीब ढाई लाख क्विंटल धान के गबन और अनियमितता का गंभीर मामला सामने आया है। इस घोटाले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि धान खरीदी के नाम पर कागजों में हेराफेरी, स्टॉक में भारी अंतर और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से यह पूरा खेल रचा गया। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत की फसल को लूटने का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि भाजपा सरकार के संरक्षण में ऐसे घोटाले लगातार सामने आ रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि….जब रिकॉर्ड में ढाई लाख क्विंटल धान दर्ज है, तो भौतिक सत्यापन में धान गायब कैसे हो गया? संग्रहण केंद्रों की नियमित जांच क्यों नहीं हुई? जिम्मेदार अफसरों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि इस पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

दीपक बैज ने यह भी कहा कि धान खरीदी से जुड़े घोटाले सीधे-सीधे किसानों की कमर तोड़ रहे हैं और सरकार की नीयत उजागर कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि नियानार और बिरिंगपाल दोनों केंद्रों के प्रबंधक, सहकारी समिति और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामला उजागर होने के बाद धान खरीदी तंत्र की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *