छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में देर रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर के पीछे वाले दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसा और देवी प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सुबह मंदिर खुलने पर पुजारियों ने दरवाजा टूटा हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोरी के बाद आरोपी की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोरी करने के बाद आरोपी जगदलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां रेलवे की बोगी B2 में जाकर बैठ गया। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर चोर के उड़ीसा का निवासी होने की आशंका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की है, जो आरोपी की तलाश के लिए उड़ीसा रवाना हो गई है। टीम वहां रेलवे रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस चोरी गए आभूषणों की पूरी सूची तैयार कर रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

