रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वर्तमान भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक के साथ हुई मोबाइल लूट की वारदात ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। हालांकि पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 18 मई की सुबह करीब 7:15 बजे हुई, जब विधायक अपने शासकीय निवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक बाइक सवार युवक ने उनका मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक बड़ा पुलिस अमला तैनात किया गया, जिसमें 2 DCP, 2 ADCP, 3 ACP, 3 TI (थाना प्रभारी) और क्राइम ब्रांच के करीब 30 जवान शामिल रहे। इसके साथ ही शहरभर में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी/आईटीएमएस कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संभावित रूट्स की बारीकी से जांच की गई।
तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (उम्र लगभग 19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलतः बलौदाबाजार-भाटापारा का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह कभी-कभी रैपिडो चलाने का काम भी करता था।
इधर इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर सरकार पर निशाना साधते हुए तंज कसा। उन्होंने डायल 112 व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि जहां सरकार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत दिखाने में लगी है, वहीं राजधानी में इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और बरामदगी की प्रक्रिया आगे भी इसी तेजी से जारी रहेगी।
विधायक से लूट, जागी पूरी पुलिस मशीनरी….150 कैमरे, 2 DCP, 3 ACP और 30 जवान उतरे मैदान में, 8 घंटे में आरोपी गिरफ्तार कर कहानी खत्म

