Posted in

बस्तर तिरंगा यात्रा नारायणपुर से शुरू

बस्तर में शांति, एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर बुधवार को नारायणपुर जिला मुख्यालय के हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से बस्तर तिरंगा यात्रा 2026 की शुरुआत हुई। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने बाइक पर तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। विभिन्न समाज प्रमुखों ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जहां पहले नक्सली घटनाओं का प्रभाव रहा है। यात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि इन क्षेत्रों में अब नक्सलवाद समाप्त हो चुका है। उन्होंने बताया कि नारायणपुर का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि यह जिला लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। यात्रा का समापन 14 अगस्त को बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराकर होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों और जवानों के साहस से बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अब बस्तर के गांवों में राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा फहराया जा रहा है। इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद अब तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया था।

विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में अब सड़क, शिक्षा, कौशल विकास, लघु वनोपज के प्रसंस्करण और रोजगार के क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर कार्रवाई की बात भी कही।

वन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कहा कि जिन क्षेत्रों को कभी नक्सल गतिविधियों का केंद्र माना जाता था, आज उन्हीं क्षेत्रों से तिरंगा यात्रा निकल रही है। यात्रा के दौरान उन स्थानों की मिट्टी एकत्र की जाएगी, जहां जवानों और नागरिकों ने शहादत दी है। इस मिट्टी का उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा।

12 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा 14 अगस्त तक बस्तर के अति संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। पहले दिन यात्रा नारायणपुर से मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार और बारसुर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची।

दूसरे दिन यात्रा दंतेवाड़ा से सुकमा और बीजापुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। तीसरे दिन बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर यात्रा का समापन होगा।

कार्यक्रम में लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, जनप्रतिनिधि राहुल टिकरिया, संध्या पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर नम्रता जैन, एसपी संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ, डीएफओ और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *