Posted in

बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, घर-घर जाकर लोगों से जुटाएगी शिकायते

जगदलपुर। बिजली के बढ़ते बिल, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मलकीत सिंह गैदू की मौजूदगी में उत्तर और दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस की बैठक हुई। बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि बढ़ते बिजली बिल से आम लोगों और मध्यम वर्ग को परेशानी हो रही है। कांग्रेस की मांग है कि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा शुरू की जाए और स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

उत्तर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सूर्यापानी ने कहा कि बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी लोगों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।

दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने बताया कि ब्लॉक, मंडल और सेक्टर स्तर के पदाधिकारी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। इस दौरान बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली जाएगी और लोगों से विरोध-पत्र व आवेदन भी लिए जाएंगे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली बिल में राहत और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

बैठक में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल सहित उत्तर और दक्षिण ब्लॉक के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *