जगदलपुर।भारतीय सेना भर्ती वर्ष 2027 की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जगदलपुर (जिला बस्तर) के अनुसार भारतीय सेना द्वारा आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की तिथियों की घोषणा कर दी गई है।
यह ऑनलाइन परीक्षा 1 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो चरणों में संपन्न होगी — पहला चरण 1 जून से 5 जून तक तथा दूसरा चरण 8 जून से 12 जून तक चलेगा।
छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों — भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर — में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन तीन से चार शिफ्टों में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी होने शुरू हो चुके हैं। उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।
परीक्षा अथवा भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के लिए अभ्यर्थी नया रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास सेना भर्ती कार्यालय के दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है। चयन केवल अभ्यर्थियों की योग्यता और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी दलाल, सिफारिश या अफवाहों के बहकावे में न आएं।
भारतीय सेना भर्ती परीक्षा: 1 जून से शुरू होगी ऑनलाइन परीक्षा, एडमिट कार्ड डाउनलोड होना शुरू

