Posted in

संचालनालय में आरएमए की पदस्थापना पर उठा विवाद, स्वास्थ्य विभाग में बढ़ी हलचल

रायपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण चिकित्सा सहायकों (आरएमए) की स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय, नया रायपुर में पदस्थापना किए जाने के आदेश के बाद विभाग में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। इस निर्णय को लेकर कई चिकित्सा अधिकारियों ने आपत्ति जताते हुए स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में जारी आदेश में कुछ चिकित्सा अधिकारियों और तीन आरएमए को संचालनालय में पदस्थ किया गया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आरएमए का मूल दायित्व ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में उन्हें मुख्यालय में पदस्थ करना ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, इस मुद्दे को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत की गई है, जिस पर उन्होंने पूरे मामले की समीक्षा कराने का आश्वासन दिया है। विभागीय स्तर पर भी इस निर्णय को लेकर चर्चा जारी है और आवश्यकता पड़ने पर पदस्थापना आदेश में संशोधन की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

विभाग के जानकारों का मानना है कि यदि आरएमए को मुख्यालय में ही पदस्थ रखा गया, तो ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ सकता है। इसी कारण इस फैसले को लेकर विभाग के भीतर असंतोष का माहौल बना हुआ है।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *