Posted in

भाजपा कार्यकर्ता की चाकू से हत्या, गला रेतकर आरोपी फरार

बिलासपुर। जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार को चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बाबला साहू के रूप में हुई है। उनकी पत्नी गीता साहू पूर्व जनपद सदस्य हैं और भाजपा कार्यकर्ता बताई जा रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, घटना देवरीखुर्द स्थित शराब दुकान के पास की है। बाबला साहू ऑटो चलाते थे। सोमवार को वह शराब दुकान के सामने अपने ऑटो में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दो युवकों से उनका विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने बाबला साहू पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उनका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची। बाबला साहू का शव शराब दुकान के सामने खड़े ऑटो के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *