Posted in

बस्तर विकासखंड के घोटिया में ‘सेवा सेतु शिविर’

जगदलपुर।शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड बस्तर अंतर्गत ग्राम घोटिया में वृहद ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ सीधे प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के 05 हितग्राहियों को नवनिर्मित आवासों की चाबियां सौंपी गईं। वहीं स्वरोजगार एवं आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से दो महिला समूहों को बैंक लोन के चेक वितरित किए गए।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 05 हितग्राहियों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 05 किसानों को बीमा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत तीन स्कूलों की पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की गई।

शिविर स्थल पर ही श्रम कार्ड, आधार कार्ड एवं राशन कार्ड से संबंधित आवश्यक पंजीकरण एवं सुधार कार्यों का त्वरित निराकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले मैदानी कर्मचारियों को उनके समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

शिविर में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिलने से उनमें उत्साह देखा गया। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सफल आयोजन के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *