Posted in

CM साय के निर्देश, SI मुख्य परीक्षा की तारीख बदली, अब नवंबर में होगी परीक्षा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की प्रस्तावित तारीखों में बदलाव कर दिया है। अब यह मुख्य परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

पहले आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की थीं। इनमें 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित होनी थी। दोनों परीक्षाओं की तारीख एक ही दिन पड़ने से उन अभ्यर्थियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी, जो दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उन्हें किसी एक परीक्षा से वंचित होने की आशंका थी।

अभ्यर्थियों की परेशानी पर CM साय ने लिया संज्ञान

अभ्यर्थियों की इस समस्या की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा तिथियों में आवश्यक बदलाव कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा की तारीखों में बदलाव करते हुए नई तिथियां घोषित कर दी हैं। अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

4 अगस्त को जारी हुआ था प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के आयोजन के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर की संभावित तिथियां तय की गई थीं।

लेकिन 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा निर्धारित होने के कारण दोनों परीक्षाओं के बीच तारीखों का टकराव हो गया था। इस स्थिति को देखते हुए अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा तिथि बदलने की मांग सामने आई थी।

CM साय बोले- युवाओं का हित सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं का हित राज्य सरकार के लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का हर संभव अवसर मिलना चाहिए और केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण कोई पात्र अभ्यर्थी किसी अवसर से वंचित न हो, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी किसी व्यावहारिक समस्या के कारण उन्हें दो अवसरों में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।

मुख्य परीक्षा के लिए फिर करना होगा ऑनलाइन आवेदन

CGPSC ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग द्वारा अलग से जारी की जाएगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा, आवेदन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।

मुख्यमंत्री साय ने आगामी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *