अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में एक पटवारी द्वारा सोशल मीडिया पर राजनीतिक प्रकृति की पोस्ट साझा करना महंगा पड़ गया। शासकीय कर्मचारी आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोप में संबंधित एसडीएम ने पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले को गंभीर मानते हुए विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पटवारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से जुड़ी एक राजनीतिक पोस्ट साझा की थी। यह पोस्ट सार्वजनिक होने के बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। प्रारंभिक जांच में इसे सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू आचरण नियमों के विपरीत माना गया।
एसडीएम ने जारी निलंबन आदेश में कहा कि शासकीय सेवक से अपेक्षा की जाती है कि वह राजनीतिक गतिविधियों और पक्षपातपूर्ण सार्वजनिक अभिव्यक्तियों से दूर रहे। सोशल मीडिया पर इस प्रकार की पोस्ट साझा करना सेवा नियमों का उल्लंघन माना गया है। इसी आधार पर पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उसका मुख्यालय नियमानुसार निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों को सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सेवा आचरण नियमों का पालन करना अनिवार्य है और नियमों के उल्लंघन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।


