नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भाजपा के भीतर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। भुवनेश्वर से भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी की बेटी अर्चिता सारंगी (राहर) की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गई, जिसमें उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर खुशी जाहिर की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद पार्टी के भीतर और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
जानकारी के अनुसार, अर्चिता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए पोस्ट साझा की थी। देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गई और भाजपा समर्थकों व नेताओं के बीच नाराजगी बढ़ गई। कई लोगों ने इसे पार्टी अनुशासन के खिलाफ बताया और सांसद अपराजिता सारंगी से भी सवाल पूछे गए।
विवाद बढ़ने के बाद अर्चिता ने पहले अपनी पोस्ट हटाने से इनकार किया, लेकिन बाद में अपना सोशल मीडिया अकाउंट ही डिलीट कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा के अंदरूनी मतभेदों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
उधर, सांसद अपराजिता सारंगी ने भी पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी बेटी की सोशल मीडिया पोस्ट उसकी व्यक्तिगत राय थी और उसका पार्टी या उनके आधिकारिक रुख से कोई संबंध नहीं है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब उनकी विदाई को लेकर देशभर में राजनीतिक बयानबाजी जारी है। विपक्ष सरकार पर हमलावर है, वहीं भाजपा नेतृत्व इसे संगठन का आंतरिक विषय बता रहा है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर BJP सांसद की बेटी की पोस्ट से मचा बवाल, सोशल मीडिया अकाउंट किया डिलीट

