Posted in

कांग्रेस को वोट, बदले में उपेक्षा? वायरल पत्र ने बढ़ाई सियासी गर्मी


कुनकुरी, जशपुर। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पत्र तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे अंजुमन इस्लामिया कमेटी, कुनकुरी के लेटरहेड पर जारी बताया जा रहा है। पत्र में नगर पंचायत कुनकुरी की अध्यक्ष पर मुस्लिम समाज की उपेक्षा और एक मुस्लिम पार्षद को पी.आई.सी. (प्रेसिडेंट इन काउंसिल) से हटाने का आरोप लगाया गया है।

वायरल पत्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्कालीन अध्यक्ष दीपक बैज को संबोधित बताया जा रहा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक 9 और 10 मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र हैं तथा चुनाव में मुस्लिम समाज ने कांग्रेस और अध्यक्ष पद के उम्मीदवार को समर्थन दिया था। इसके बावजूद मुस्लिम समाज की पार्षद को पी.आई.सी. से हटाए जाने पर नाराजगी जताई गई है।

पत्र में दावा किया गया है कि बिना कारण बताए पार्षद को पी.आई.सी. से हटाने से मुस्लिम समाज आहत हुआ है। साथ ही यह भी लिखा गया है कि नगर में मुस्लिम समुदाय की संख्या लगभग 2000 है और इस निर्णय का राजनीतिक प्रभाव पड़ सकता है। पत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष पर समाज के लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

अंजुमन इस्लामिया कमेटी की ओर से प्रदेश नेतृत्व से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पत्र की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि पत्र पर की गई शिकायत के संबंध में कांग्रेस संगठन या नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई की गई थी या नहीं।

वायरल पत्र के सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दल इस मुद्दे को तूल देने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *