Posted in

बालोद: स्कूल में 5 छात्राएं अचानक बेहोश, एक की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खोलझर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा 9वीं और 10वीं की पांच छात्राएं एक-एक कर अचानक बेहोश हो गईं। घटना के बाद सभी छात्राओं को तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, चौथे पीरियड के दौरान सबसे पहले कक्षा 10वीं की छात्रा तिजिया यादव की तबीयत बिगड़ी। छात्रा को तेज-तेज सांस आने लगी और कुछ ही देर में वह बेहोश होकर गिर पड़ी। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल पहुंचाया।

पहली छात्रा के बाद चार अन्य छात्राओं की भी अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें चक्कर आने, सीने में दर्द, घबराहट, तेज सांस चलने और हाथ-पैर अकड़ने जैसी शिकायतें हुईं। कुछ ही देर में सभी छात्राएं बेहोश हो गईं, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

सभी छात्राओं को उपचार के लिए डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि एक छात्रा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।

फिलहाल छात्राओं के अचानक बीमार होने और बेहोश होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई माह में दुर्ग जिले के खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां एक छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद अन्य छात्राएं भी प्रभावित हुई थीं।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *