जगदलपुर। शहर के संतोषी वार्ड में गौवंश के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद गौ रक्षा दल के सदस्यों ने बोधघाट थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जय दास को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कथित रूप से गौवंश के साथ आपत्तिजनक कृत्य करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्थानीय महिला ने आरोपी को देख लिया और विरोध करते हुए डंडे से मारकर उसे मौके से भगा दिया। इसके बाद घटना की सूचना गौ रक्षा दल को दी गई।
गौ सेवको ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह कृत्य सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं कहा कि प्रदेश में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति चिंताजनक है और भविष्य में ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए सख्त कानूनी प्रावधान किए जाने चाहिए।
बोधघाट थाना पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
जगदलपुर में गौवंश के साथ दुष्कर्म का मामला, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गिरफ्तार

