Posted in

बस्तर में महिला प्रधान आरक्षक 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी की ट्रैप कार्रवाई

जगदलपुर। बस्तर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रधान आरक्षक पर जब्त ट्रैक्टर के दस्तावेज देने और वाहन को सुपुर्दनामा पर छोड़ने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

एसीबी के मुताबिक, बास्तानार ब्लॉक के ग्राम कोड़ेनार निवासी बंगालू यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने खेती के लिए खरीदा गया अपना आयशर ट्रैक्टर घरेलू उपयोग के लिए बड़े काल्लूर निवासी बुधराम को दिया था। वर्ष 2025 में ट्रैक्टर-ट्रॉली से जुड़ी एक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया था।

मामले की जांच प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू के पास थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि ट्रैक्टर से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने और वाहन सुपुर्द करने के एवज में प्रधान आरक्षक ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने से इनकार करते हुए बंगालू यादव ने इसकी शिकायत एसीबी जगदलपुर से की।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर गुरुवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता आरोपी के पास पहुंचा और जैसे ही उसने 10 हजार रुपये दिए, एसीबी की टीम ने महिला प्रधान आरक्षक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान एसीबी ने रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *