जगदलपुर। बस्तर प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद के खिलाफ लड़ाई में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने देश की सुरक्षा और बस्तर में शांति स्थापित करने के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले एक हजार से अधिक वीर जवानों को नमन किया।
अमर वाटिका में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai भी मौजूद रहे। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में सुरक्षाबलों के जवानों का योगदान और बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।
उन्होंने साफ कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने, विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और माओवाद के समूल उन्मूलन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। वे परिवारजनों के बीच बैठकर उनका दुख साझा करते नजर आए। उन्होंने शहीद परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
केंद्रीय गृहमंत्री ने सुरक्षाबलों के जवानों से भी संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके साहस, समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसमें सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री Vijay Sharma, वन एवं पर्यावरण मंत्री Kedar Kashyap, जगदलपुर विधायक Kiran Deo सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, परिजनों से मिले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

