संजय मार्केट स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक महिला संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त नजर आई। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान सुनीता उर्फ पूजा कश्यप (33), निवासी शांतिनगर, जगदलपुर के रूप में की गई।
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी किए गए नोज पिन उसने अपने घर में पलंग के गद्दे के नीचे छिपाकर रखे थे। पुलिस ने आरोपी के घर से 30 नग सोने के नोज पिन बरामद कर जब्त कर लिए।
इसके बाद पुलिस ने महिला आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, प्रधान आरक्षक उमा भगत, मोहन कश्यप सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संजय मार्केट ज्वेलरी चोरी का खुलासा: महिला आरोपी गिरफ्तार, 30 सोने के नोज पिन बरामद

