Posted in

जगदलपुर सेंट्रल जेल से कैदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कड़ी सुरक्षा के बावजूद एक कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, फरार कैदी का नाम महेंद्र दीवान है, जो चोरी के मामले में जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि वह पहले छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) में पदस्थ था, लेकिन आपराधिक मामले में नाम आने के बाद उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।

घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। आरोपी ने बड़ी चालाकी से चादर और कंबल को जोड़कर रस्सी बनाई और उसी के सहारे जेल की ऊंची दीवार पार कर फरार हो गया।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जेल में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने के बावजूद यह घटना हो गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन तुरंत हरकत में आया। आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है और फरार कैदी की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही जेल की सुरक्षा में हुई चूक को लेकर जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *