Posted in

वॉटर स्पोर्ट्स पर सख्ती: CM विष्णुदेव साय बोले…सुरक्षा से समझौता नहीं

रायपुर। विष्णुदेव साय ने मध्यप्रदेश में हाल ही में हुए क्रूज हादसे को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ में संचालित सभी वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की है और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पूरी तरह अस्वीकार्य होगी।

मुख्यमंत्री ने धमतरी और कोरबा सहित राज्य के सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि जहां-जहां वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उपकरणों का नियमित तकनीकी परीक्षण किया जाए, प्रशिक्षित और दक्ष कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित हो तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी आपातकालीन प्रबंधन तंत्र सक्रिय रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी वॉटर स्पोर्ट्स स्थलों पर रेस्क्यू उपकरणों, लाइफ जैकेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति सुनिश्चित की जाए। इन व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाए और यदि किसी स्तर पर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों या संचालकों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है, इसलिए यह जरूरी है कि वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित हों। साथ ही, इन सभी व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने और समय-समय पर राज्य शासन को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतर्कता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करके ही जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *