रायपुर।राजधानी रायपुर में शराब के नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान एक युवक ने जमकर हंगामा कर दिया। ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोके जाने पर युवक ने खुद को “प्रदेश पदाधिकारी” बताते हुए पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की और खुलेआम धमकी तक दे डाली।
मामला तेलीबांधा क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां 28 मार्च की रात ट्रैफिक पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक कार चालक को रोका गया। जांच में युवक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
जैसे ही पुलिस ने वाहन की चाबी मांगी, युवक भड़क उठा और कहने लगा कि वह एक संगठन का प्रदेश स्तर का पदाधिकारी है। उसने मौके पर मौजूद ट्रैफिक निरीक्षक को धमकी देते हुए कहा कि “अब इसका पूरा अंजाम यहीं भुगतना पड़ेगा।”
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपना नाम राजू मित्रा बताया और खुद को एक संगठन से जुड़ा बताया। विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार अभद्रता करता रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने शांति भंग की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर जांच जारी रखी है।
इधर, रायपुर पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे मामलों में कार्रवाई और भी तेज की जा रही है।

