Posted in

बस्तरिया बटालियन की सेड़वा सुपर किंग बनी चैंपियन, अंतर बटालियन क्रिकेट प्रतियोगिता में 80 बटालियन को हराया

जिला बस्तर के ग्राम सेड़वा स्थित राजूर स्टेडियम में 241 बस्तरिया बटालियन सीआरपीएफ द्वारा अंतर बटालियन क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन पुलिस उप महानिरीक्षक जगदलपुर रेंज S. Arul Kumar के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें जवानों ने खेल भावना के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।

टूर्नामेंट में जगदलपुर रेंज की चार प्रमुख टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें 80 बटालियन कोलेंग नाईट राइडर्स, 188 बटालियन डोलेरेस रॉयल चैलेंजर्स, 227 बटालियन तोंगपाल टाइटन्स और मेजबान 241 बस्तरिया बटालियन सेड़वा सुपर किंग शामिल थीं। सभी टीमों के बीच मुकाबले बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। लीग मुकाबलों से होते हुए टीमें फाइनल तक पहुंचीं, जहां खिताबी मुकाबले में मेजबान 241 बस्तरिया बटालियन सेड़वा सुपर किंग और 80 बटालियन कोलेंग नाईट राइडर्स आमने-सामने थीं।

फाइनल मैच में सेड़वा सुपर किंग ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 80 बटालियन कोलेंग नाईट राइडर्स को पराजित कर प्रतियोगिता की गौरवशाली ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और खेल भावना दर्शकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनी रही।

टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि डीआईजी S. Arul Kumar ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से जवानों की मानसिक और शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है तथा आपसी समन्वय भी मजबूत होता है।

उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल देश की सुरक्षा के साथ-साथ समाज के विकास और लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। खेल गतिविधियां जवानों के स्वास्थ्य और मनोबल को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए। इस अवसर पर 241 बटालियन के कमांडेंट हरविंदर सिंह, 80 बटालियन के कमांडेंट जितेंद्र कुमार, 188 बटालियन के कमांडेंट भावेश चौधरी सहित रेंज के कई वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *