छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत आज कुम्हरावंड स्थित शहीद गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा एक्सटेंशन रिफॉर्म्स (आत्मा) योजना के तहत किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद महेश कश्यप ने कहा कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश में किसानों की समृद्धि ही देश की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसानों के हितों के लिए निरंतर काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार प्रदेश के प्रत्येक किसान तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
महेश कश्यप ने स्थानीय भतरी बोली में संबोधित करते हुए कहा कि “सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर किसान उन्नत खेती करें और अपने परिवार को खुशहाल बनाएं।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि आय वृद्धि के लिए खेती के साथ पशुपालन, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन और उद्यानिकी फसलों की खेती जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
विशिष्ट अतिथि चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने किसानों से जैविक खेती और मिलेट्स उत्पादन को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना के तहत मोहन कश्यप और विजय ठाकुर को अनुदान राशि के चेक प्रदान किए गए।
इसके अलावा 10 किसानों को प्रधानमंत्री किसान क्रेडिट कार्ड (PM-KCC) और तीन मत्स्यपालन स्व-सहायता समूहों को मछलीपालन जाल एवं आइस बॉक्स वितरित किए गए।
अतिथियों और किसानों ने कृषि विज्ञान केंद्र, उद्यानिकी विभाग तथा इंद्रावती फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन के प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया और विभिन्न नवीन कृषि तकनीकों, उत्पादों और नवाचारों की जानकारी ली।
किसान मेले में गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक खेती-किसानी तकनीक, उन्नत किस्में, नवीन कृषि यंत्रों और विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, पूर्व विधायक लछुराम कश्यप, गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. पी.के. सलाम, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. डी.के. नेताम, उपसंचालक उद्यानिकी आकांक्षा सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और किसान उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय किसान मेले में किसानों ने दिखाया उत्साह

