प्रशासन ने निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की
जगदलपुर। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी खतरे की स्थिति से पहले राहत केंद्रों या सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है।
केंद्रीय जल आयोग, हैदराबाद की एडवाइजरी के अनुसार, ओडिशा के नबरंगपुर क्षेत्र में इंद्रावती नदी के ऊपरी हिस्से में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसका मुख्य कारण ऊपर से आ रहा अधिक पानी और जलाशयों से छोड़ा जा रहा पानी बताया गया है।
जल आयोग के अनुमान के मुताबिक बढ़े हुए जलस्तर का असर 29 सितंबर की सुबह करीब 2 बजे तक जगदलपुर पहुंच सकता है। इस दौरान जगदलपुर में इंद्रावती नदी का जलस्तर 60 सेंटीमीटर से 1 मीटर तक बढ़ने की संभावना जताई गई है। पानी तेजी से बढ़ने की स्थिति भी बन सकती है।
स्थिति को देखते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने नदी तट और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से समय रहते राहत शिविरों या सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। अधिकारियों और आपदा प्रबंधन दलों को भी अलर्ट रहने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बाढ़ नियंत्रण कक्ष या संबंधित राजस्व अधिकारी को सूचना दें और अफवाहों पर ध्यान न देते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना, तटीय इलाकों में अलर्ट

